Intro

सुने ऑडियोबुक

भारत में अब तक किसानों के लिए उपयोगी कोई ऑडियो बुक नहीं था। इस वेबसाइट में किसानों और कृषि सम्बंधित पेशे से जुड़े व्यापारियों के लिए फायदेमंद जानकारियां ऑडियो बुक के रूप में प्रस्तुत की गई हैं। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए तमाम जानकारियों को किताब की शक्ल देने के बजाय ऑडियो बुक के रूप में पेश करने का फ़ैसला किया गया। देशभर में स्मार्टफोन और वॉट्स ऐप क्रान्ति को देखते हुए इंटरनेट आधारित ऑडियो बुक की पहुंच जन-जन तक पहुंचने की पूरी संभावना है। दरअसल इस ऑडियो बुक में कृषि क्षेत्र में वॉट्स ऐप के उपयोग के बारे में भी बताया गया है। ऑडियो बुक के रूप में ही जानकारियां प्रदान करने का एक और कारण है। अगर कोई पढ़ना-लिखना नहीं जानता, या उसके पास किताबों और विभिन्न वेबसाइट्स में दी गई जानकारियां पढ़ने का समय नहीं, तो वो भी ऑडियो बुक के इस्तेमाल से अपनी जानकारी बढ़ा सकता है, मार्गदर्शन पा सकता है। कोई भी व्यक्ति अपना काम करते हुए कानों में ईयरफोन या हेडफोन लगाकर ऑडियो बुक सुन सकता है। फिलहाल वेबसाइट में एक ऑडियो बुक अपलोड किया जा रहा है। इसके पहले भाग में किसानों का हौसला बढ़ाने के लिए सफलता की 121 सच्ची कहानियां सुनाई गई हैं। ये कहानियां देशभर से इकट्ठा की गई हैं। ऑडियो बुक का दूसरा हिस्सा किसानों को वास्तविक लाभ पहुंचाएगा। इसमें किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए उपयोगी 121 नुस्खे बताए गए हैं। इन उपायों में फसलों की उपज बढ़ाने के तरीकों से लेकर सरकारी योजनाओं, उपयोगी वेबसाइट और ऐप, उपज की ख़ास किस्में विकसित करने वाले सफल किसानों और उनके मोबाइल नम्बर, IIT और दूसरे संस्थानों में कृषि सम्बंधित नवीनतम आविष्कार इत्यादि शामिल हैं। आमतौर पर ये जानकारियां किसानों की पहुंच से बाहर रहती हैं। ऑडियो बुक में कृषि क्षेत्र के कारोबारियों और नए कारोबारी बनने की चाहत रखने वालों के लिए भी उपयोगी जानकारियां बताई गई हैं। ऑडियो बुक में FPO की उपयोगिता और ई-नैम के फायदों के बारे में बताया गया है, जो किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए अनिवार्य साधन हैं। ई-नैम से जुड़ी कई मंडियों और वहां मिलने वाली सुविधाओं तथा फायदों के बारे में बताया गया है। पूरे ऑडियो बुक में ख़ासकर ऑर्गेनिक खेती और ड्रिप इरिगेशन जैसी आधुनिक प्रणालियों पर विस्तार से बताया गया है, जो खेती-किसानी में समय की मांग हैं। कृषि सम्बंधित अन्य क्षेत्रों जैसे मत्स्य पालन, दुग्ध उत्पादन, फल और फूल उत्पादन आदि के बारे में भी बताया गया है। खेती की लागत कम करने के लिए समेकित कृषि की उपयोगिता बताई गई है। सबसे बड़ी बात, कि खेती के ज़रिये पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियां पूरा करने के उदाहरण और संदेश दिये गए हैं।